न्यूजीलैंड : गोलीबारी के बाद से 9 भारतीय लापता, 6 के मारे जाने की आशंका


 


न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च शहर में शुक्रवार को बंदूकधारियों ने दो मस्जिदों पर हमला कर 49 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। 20 से ज्यादा लोग बुरी तरह घायल हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के बाद से 9 भारतीय भी लापता हैं। हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।


छह भारतीयों के मारे जाने की आशंका



हमले में भारतीय मूल के छह लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। न्यूजीलैंड में भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने बताया कि शुरुआती सूचनाओं के मुताबिक, इस घटना में दो भारतीयों और चार भारतीय मूल के लोगों के मारे जाने की आशंका है। हालांकि, उन्होंने कहा कि ये जानकारी आधिकारिक नहीं है और न्यूजीलैंड की सरकार ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।


इस वारदात को अंजाम देने वाले एक हमलावर की पहचान ऑस्ट्रेलियाई नागरिक के रूप में हुई है, जो अति दक्षिणपंथी विचारधारा से प्रभावित है। इस हमले में बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाड़ी बाल-बाल बच गए जो जुमे की नमाज के लिए क्राइस्टचर्च की मस्जिद पहुंचे हुए थे। न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डर्न ने इसे आतंकवादी हमला करार दिया है।